धनबाद में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर सीएमआरआई गेट के समीप ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश सहित ट्रैफिक पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे।पुलिस टीम ने देर रात तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ ब्रेथ एनालाइजर मशीन से उनकी जांच की गई। अभियान के दौरान 500 से अधिक वाहन चालकों की जांच की गई।जांच के क्रम में 8 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया गया।ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक है। इससे न केवल चालक का जीवन खतरे में पड़ता है, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।अभियान के दौरान वाहन चालकों को सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Posted inNews
सीएमआरआई गेट के पास देर रात ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान, 8 वाहन जब्त

