पीएम मोदी के 12 साल बेमिसाल, 32 देशों से मिला सम्मान बड़ी उपलब्धि: अन्नपूर्णा देवी

पीएम मोदी के 12 साल बेमिसाल, 32 देशों से मिला सम्मान बड़ी उपलब्धि: अन्नपूर्णा देवी

धनबाद: भारत सरकार की केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शनिवार को धनबाद दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण सहित कई कार्यक्रमों में भाग लिया। दौरे की शुरुआत उन्होंने हीरापुर हटिया स्थित महावीर मंदिर और काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेने के साथ की।


इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने हाथ में झाड़ू लेकर हीरापुर हटिया क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इस मौके पर सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा तथा भाजपा के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में अन्नपूर्णा देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक और बेमिसाल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का काम किया है। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है। साथ ही दुनिया के विभिन्न देशों से मिले 32 सर्वोच्च नागरिक और राष्ट्रीय सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण हैं। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयानों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह समझ नहीं है कि किस मंच पर क्या बोलना चाहिए। उनका आरोप था कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की आलोचना करते हैं, जो देशहित में नहीं है।


अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विपक्ष को सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए और देश के विकास में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
धनबाद दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी भाग लिया तथा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *