धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया ओपी अंतर्गत सोरीटांड़-कौशलपुरम के पास हुई सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी धनबाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप, पत्थर, बाइक, मोबाइल, एटीएम कार्ड समेत कई अहम सामान बरामद किए हैं।
झाड़ियों में मिला था शव, सिर और चेहरे को कुचलकर की गई थी हत्या
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने रविवार को बताया कि 23 जुलाई की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सोरीटांड़-कौशलपुरम के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि मृतक के सिर और चेहरे को पत्थर से कुचलकर हत्या की गई थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की टाटा नेक्सन कार भी बरामद हुई।
जांच के दौरान मृतक की पहचान बरवाअड्डा निवासी 57 वर्षीय जयराम मांझी के रूप में हुई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर कतरास थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसआईटी ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने एसआईटी का गठन किया। बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत विमल के नेतृत्व में छापेमारी कर पुलिस ने तेतुलमारी के खास सिजुआ निवासी कुंदन कुमार और प्रेम चौहान उर्फ पुष्पा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना लोहे का पाइप, पत्थर, मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपियों के खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
ऑनलाइन गेमिंग की लत और पैसों के लालच में रची हत्या
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी कुंदन कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत था और ऑनलाइन गेमिंग का आदी था। आर्थिक तंगी के कारण उसकी नजर मृतक के पैसों पर थी। मृतक जयराम मांझी बीसीसीएल में कार्यरत थे और इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पैसों की लालच में कुंदन ने अपने साथी प्रेम चौहान के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से जयराम मांझी की हत्या की। हालांकि, हत्या के बाद आरोपी मृतक के बैंक खाते से पैसे निकालने में सफल नहीं हो सके।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे में एसआईटी की त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ तकनीकी जांच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

