धनबाद: धनबाद जिला डेकोरेटर्स एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को बारामुडी स्थित स्वागतम बैंकट हॉल में जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार रंजन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की 20 शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक का संचालन जिला सचिव बच्चू दत्ता ने किया।
6 सितंबर को होगा 48वां वार्षिक अधिवेशन
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन का 48वां वार्षिक अधिवेशन आगामी 6 सितंबर 2026 को न्यू टाउन हॉल, धनबाद में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन के दौरान सदस्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आकर्षक स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
सदस्यता और बकाया भुगतान को लेकर सख्त निर्णय
कार्यकारिणी ने तय किया कि संगठन का सदस्य नहीं होने वाले व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का व्यावसायिक लेन-देन नहीं किया जाएगा। इसके अलावा जिन दुर्गा पूजा समितियों पर सदस्यों का बकाया है, उनके लिए एनओसी (NOC) के बिना कोई भी सदस्य कार्य नहीं करेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इवेंट से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी सीधे ग्राहक की होगी। यदि कोई सदस्य किसी इवेंट एजेंसी के माध्यम से काम करता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी उसी सदस्य की होगी।
महंगाई के कारण डेकोरेशन सेवाओं के रेट बढ़े
महंगाई को देखते हुए कार्यकारिणी ने शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों में डेकोरेशन, कैटरिंग, लाइटिंग और फ्लावर सज्जा की दरों में 30 से 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया। संगठन के अनुसार नई दरें 26 जुलाई 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में चेयरमैन राजीव साह, मुख्य संरक्षक मंजीत सिंह, संरक्षक मनवर रब्बानी और संजय साविरिया, जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार रंजन, सचिव बच्चू दत्ता, कोषाध्यक्ष मो. नसीम अंजुम, उपाध्यक्ष महेन्द्र गोप और गौतम चक्रवर्ती सहित सभी शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


