भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह जल्द ही भोजपुरी इंडस्ट्री के पहले रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आने वाले हैं। यह शो जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा। शो का नया प्रोमो सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इसकी काफी चर्चा हो रही है।
मां की सेहत को लेकर पवन सिंह हुए चिंतित
हाल ही में मेकर्स ने ‘भोजपुरी बवाल’ का नया प्रोमो साझा किया, जिसमें पवन सिंह अपनी मां के पैर दबाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों के बीच हुई भावुक बातचीत ने फैंस को भी इमोशनल कर दिया है। पवन सिंह अपनी मां के पैर दबाते हुए कहते हैं- ‘आपका पैर क्यों सूजा है?’ जवाब में सुपरस्टार की मां कहती हैं- ‘हमको शुगर-बीपी है, थोड़ा तबीयत खराब है, थोड़ी तबीयत खराब है और जैसे ही पवन को पता चला वो सारा काम छोड़कर हमारे पास आ गया। हमारा बेटा हमारी बहुत इज्जत करता है।’ इस पर पवन सिंह भावुक हो जाते हैं और कहते हैं- ‘हमारे पास अगर कोई संपत्ति है तो सिर्फ और सिर्फ आप हैं। माई के अलावा मेरे पास कुछ नहीं है।’
पवन सिंह की मां भी उनकी बात सुनने के बाद भावुक हो जाती हैं और कहती हैं- ‘बेटा कब से कह रही हूं, तुम्हारी मां चली गई तो तुम क्या करोगे। शादी कर लो बेटा। तुम अपनी दुनिया बसा लो, अपने दिल को कच्चा मत करो।’ ये सुनकर भावुक पवन सिंह कहते हैं- ‘माई चली गई तो पवन खत्म।’ ये कहते हुए पवन सिंह रो पड़ते हैं।
‘भोजपुरी बवाल’ क्या है..
‘भोजपुरी बवाल’ की बात करें तो ये भोजपुरी इंडस्ट्री का पहला रियेलिटी शो है, जिसमें पवन सिंह, काजल राघवानी, आम्रपाली दुबे, दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और तेज प्रताप यादव जैसे चर्चित चेहरे नजर आने वाले हैं। हाल ही में शो का एक प्रोमो जारी किया गया था, जिसमें आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी आपस में भिड़ती नजर आई थीं।

