धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए झारखंड के उप निर्वाचन पदाधिकारी देवदास दत्ता ने शनिवार को झरिया विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भागा चौक में मतदाताओं से की बातचीत
दौरे के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने भागा चौक क्षेत्र के कई घरों में जाकर मतदाताओं से बातचीत की। उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, जमा करने और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा लोगों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
झरिया अंचल कार्यालय में कार्यों की समीक्षा
इसके बाद उन्होंने झरिया अंचल कार्यालय पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यालय में जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त 12 कनीय अभियंताओं के माध्यम से चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली बीएलओ को किया सम्मानित
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र संख्या 136 और 74 की बीएलओ के कार्यों की सराहना की। बूथ संख्या 136 की बीएलओ आरती कुमारी द्वारा शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें निकटवर्ती बूथ संख्या 123 की बीएलओ की सहायता कर वहां भी कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
अन्य बीएलओ ने भी पूरा किया 100% डिजिटाइजेशन
प्रशासन के अनुसार टुंडी और बाघमारा विधानसभा क्षेत्रों के कई बूथों पर भी शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। इनमें बूथ संख्या 292 की बीएलओ कुंती देवी, बूथ संख्या 293 की आशा देवी, बूथ संख्या 343 की लतिका देवी तथा बूथ संख्या 298 की दमयंती देवी शामिल हैं।
उपायुक्त ने की सराहना
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बीएलओ की सराहना की। वहीं संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रशासन ने सभी बीएलओ से समयबद्ध तरीके से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने की अपील की।

