धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से धनबाद प्रशासन ने शनिवार को बार एसोसिएशन और विभिन्न चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में मतदाता सूची के शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के डिजिटाइजेशन पर विशेष जोर दिया गया।
शहरी क्षेत्रों में धीमी मिली प्रगति
झारखंड के उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर और धनबाद विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने बताया कि ईसीआई नेट (ECI Net) की रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में धनबाद और झरिया जैसे शहरी क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी है।
18 और 20 जुलाई को लगाए जाएंगे विशेष कैंप
प्रशासन ने बताया कि धनबाद और झरिया विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ, सुपरवाइजर, हेल्प डेस्क मैनेजर और स्वयंसेवक मतदाताओं की सहायता करेंगे। जिन मतदाताओं ने अभी तक गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे इन कैंपों में प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
मतदाताओं से जिम्मेदारी निभाने की अपील
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आयोग की ओर से गणना प्रपत्रों का वितरण लगभग पूरा कर लिया गया है। अब मतदाताओं की जिम्मेदारी है कि वे भरे हुए प्रपत्र समय पर बीएलओ को सौंपें, ताकि डिजिटाइजेशन कार्य जल्द पूरा किया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पिछली एसआईआर मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं जिनका नाम या उनके माता-पिता का नाम पिछली सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें आयोग द्वारा निर्धारित 12 दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-सत्यापित प्रति जमा करनी होगी।
बार एसोसिएशन और चेंबर से मांगा सहयोग
बैठक में बार एसोसिएशन और चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे अपने संपर्क में आने वाले लोगों और कर्मचारियों को गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ के पास जमा करने के लिए जागरूक करें। साथ ही यदि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक मतदान केंद्रों पर दर्ज है, तो उसे एक स्थान से नाम हटवाने की सलाह दी गई।
IIT ISM में भी किया गया जागरूकता अभियान
बैठक के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने IIT (ISM) धनबाद का दौरा कर संस्थान के रजिस्ट्रार और सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान संस्थान के कर्मचारियों और मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।
रेलवे स्टेशन पर भी लिया फीडबैक
अधिकारियों ने धनबाद रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों का भ्रमण कर आम नागरिकों से बातचीत की। अधिकांश लोगों ने बताया कि उन्होंने एसआईआर 2026 की प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्रशासन ने शेष मतदाताओं से भी समय रहते अपने प्रपत्र जमा करने की अपील की है।

