Pakur Crime Review Meeting: एसपी अनुदीप सिंह ने अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

Pakur Crime Review Meeting: एसपी अनुदीप सिंह ने अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

पाकुड़: पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, सभी थाना एवं ओपी प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और सड़क सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

पॉक्सो, एनडीपीएस और आईटी एक्ट मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

बैठक में एसपी ने पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित वारंट, कुर्की और अन्य लंबित मामलों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने पर विशेष जोर दिया।

सड़क सुरक्षा और वाहन जांच अभियान होगा तेज

बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए एसपी ने जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन पंजीकरण, बीमा और ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को कहा। सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की e-DAR पोर्टल पर समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

चोरी, लूट और साइबर अपराध पर सख्ती

एसपी ने सभी थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती और सघन जांच अभियान चलाकर चोरी, लूट, डकैती और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा। इसके साथ ही चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन और लंबित परिवाद पत्रों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि थाने में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

बैठक में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, मानव तस्करी, नशामुक्ति, महिला उत्पीड़न, डायन प्रथा, बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति प्रत्येक माह स्कूल, कॉलेज, हाट-बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

एसपी ने पिछले पांच वर्षों के संपत्तिमूलक अपराधों में सक्रिय अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने तथा आवश्यकता अनुसार सीसीए, निगरानी पंजी और गुंडा पंजी में नाम दर्ज कराने के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा। वहीं नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी से जुड़े मामलों में मिशन वात्सल्य पोर्टल पर प्रविष्टि के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

बैठक के अंत में रथ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद आयोजित पुलिस सभा में एसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *