धनबाद: पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के उद्देश्य से हरित धनबाद संकल्प संस्था की ओर से पर्यावरण जागरूकता यात्रा के तहत पुलिस केंद्र धनबाद में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
मेजर सार्जेंट अवधेश कुमार ने किया पौधारोपण
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर सार्जेंट अवधेश कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर
कार्यक्रम में धनबाद जिला पुलिस विभाग के मेस अध्यक्ष रितेश कुमार, प्रभारी चारु बेदिया, मोहम्मद साजिद, जेहन उरांव, मस्त मौला यादव, विपुल कुमार और पप्पू कुमार उपस्थित रहे।
वहीं हरित धनबाद संकल्प संस्था की ओर से अध्यक्ष सुभाष कुमार वाल्मीकि, सचिव रंजीत कुमार गुप्ता, सुनील राय, बैंक ऑफ इंडिया के महादेव दास, जुगल कुमार, राहुल कुमार और रवि वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
हरित धनबाद का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। संस्था ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी इस तरह के वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि धनबाद को अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जा सके।

