धनबाद जगजीवन नगर हत्याकांड का खुलासा, चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

धनबाद जगजीवन नगर हत्याकांड का खुलासा, चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर में युवक करण कुमार की हत्या के मामले में धनबाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, युवक की कथित तौर पर चोरी के संदेह में बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में धनबाद के डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गंभीर हालत में मिला था युवक

डीएसपी ने बताया कि 1 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि जगजीवन नगर स्थित जामुन पेड़ के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। उसकी पहचान करण कुमार के रूप में हुई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे पहले एसएनएमएमसीएच ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। बाद में बलियापुर रोड स्थित जेपी अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पूछताछ में सामने आई घटना की वजह

जांच के दौरान पुलिस ने कन्हाई लाल भट्टाचार्य और शिव प्रकाश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि करण कुमार कथित तौर पर कन्हाई लाल भट्टाचार्य के घर में चोरी की नीयत से घुसा था। उसे पकड़ने के बाद दोनों ने उसकी पिटाई की।

पुलिस के अनुसार, शोर सुनकर आसपास के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी युवक के साथ मारपीट की। इस दौरान करण कुमार को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

डीएसपी प्रकाश सोया ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *