अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में शनिवार को एक व्यस्त शॉपिंग एरिया में गोलीबारी की घटना हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हमले में 3 लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
रेस्तरां के पास शुरू की फायरिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे (स्थानीय समय) हुई। एक हमलावर ने ‘इन-एन-आउट बर्गर’ रेस्तरां के पास मौजूद शॉपिंग एरिया में अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस ने हमलावर को मार गिराया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। अधिकारियों ने हमलावर से आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमलावर मारा गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें एक व्यक्ति AR-स्टाइल राइफल के साथ शॉपिंग एरिया में घूमता और बाद में पार्किंग में फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस हमले की वजह और हमलावर की पहचान की जांच कर रही है।
हमलावर से किसी तरह का खतरा नहीं है
ट्विन फॉल्स पुलिस विभाग ने घटना के करीब एक घंटे बाद घोषणा की कि अब हमलावर से किसी तरह का खतरा नहीं है. पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “संदिग्ध बंदूकधारी घटना स्थल के पास ही मौजूद था, जिसे मार गिराया गया है. अब समुदाय के लिए कोई खतरा नहीं है. हम हमलावर की पहचान और इस हमले के पीछे की मंशा का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.”
घटना के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस ने शॉपिंग एरिया के आसपास की कई सड़कों और पास के एक पुल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया. लगभग 55 हजार आबादी वाला ट्विन फॉल्स शहर अब अमेरिका में मास शूटिंग की घटनाओं से प्रभावित शहरों की सूची में शामिल हो गया है.
बता दें कि हाल के महीनों में अमेरिका में फूड फेस्टिवल, परेड, पूजा स्थलों और सामुदायिक कार्यक्रमों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं. ट्विन फॉल्स की यह घटना भी देश में बंदूक कानूनों और नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

