धनबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से धनबाद विधानसभा क्षेत्र के वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण दिया गया। न्यू टाउन हॉल में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने वॉलंटियर्स को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान वॉलंटियर्स को मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों, अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Death) तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। साथ ही गणना प्रपत्रों के सही उपयोग और पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ पूरा करने में वॉलंटियर्स की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य वॉलंटियर्स को इस अभियान की प्रत्येक प्रक्रिया से अवगत कराना है, ताकि वे बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने में सहयोग कर सकें।
उन्होंने सभी वॉलंटियर्स से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसके शुद्धिकरण में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, अंचल अधिकारी धनबाद राम प्रवेश तथा अंचल अधिकारी पुटकी विकास आनंद भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने वॉलंटियर्स की शंकाओं का समाधान करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

