धनबाद: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सदर अस्पताल का संयुक्त रूप से दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। अधिकारियों ने मरीजों और बच्चों के बीच फल एवं आवश्यक किट का वितरण भी किया।
MTC और MNCU समेत विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण
अधिकारियों ने सदर अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया। इस दौरान कुपोषण उपचार केंद्र (MTC), मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट (MNCU) तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत इलाजरत बच्चों और नवप्रसूताओं से मुलाकात की गई।
इसके अलावा आयुष्मान वार्ड, महिला वार्ड, इमरजेंसी वार्ड और सामान्य वार्ड का भी दौरा किया गया। अधिकारियों ने मरीजों से अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
बच्चों को बेबी किट और मरीजों को फल वितरित
MTC में भर्ती बच्चों और MNCU में इलाजरत नवजात शिशुओं के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से बेबी किट का वितरण किया गया। वहीं उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं बच्चों के बीच ताजे फल वितरित किए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिकारियों की इस पहल से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
स्वास्थ्य और पोषण सुविधाओं की समीक्षा
दौरे के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, नवजात शिशुओं की देखभाल, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया।

उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की भी समीक्षा की।
बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने सिविल सर्जन और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बाल एवं मातृ स्वास्थ्य योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक, संबंधित चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी और जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

