धनबाद मंडल संसदीय समिति की बैठक में रेल विकास और यात्री सुविधाओं पर हुई चर्चा

धनबाद मंडल संसदीय समिति की बैठक में रेल विकास और यात्री सुविधाओं पर हुई चर्चा

सांसदों ने रखे जनहित से जुड़े सुझाव

धनबाद/हाजीपुर: पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक बुधवार को धनबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने की। इसमें धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, चतरा सांसद कालीचरण सिंह सहित विभिन्न सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में रेल विकास, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना पर दिया गया जोर

बैठक में सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा भविष्य की विकास योजनाओं को गति देने का आग्रह किया। साथ ही यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया।

महाप्रबंधक ने गिनाईं धनबाद मंडल की उपलब्धियां

बैठक की शुरुआत में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सभी सांसदों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि धनबाद मंडल माल लदान और उससे होने वाली आय के मामले में भारतीय रेल के सभी मंडलों में प्रथम स्थान पर है।

उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में गुरपा, पाथरडीह और कतरासगढ़ स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूरा किया गया है। इसके अलावा चार स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार एवं ऊंचीकरण का कार्य संपन्न हुआ है। कोडरमा, गोमो और कतरासगढ़ में नए स्टेशन भवन बनाए गए हैं।

नई ट्रेनों और स्टेशन विकास योजनाओं की जानकारी

महाप्रबंधक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद से भोपाल, पोट्टनूर, लोकमान्य तिलक टर्मिनल और भुवनेश्वर के लिए नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं। वहीं दानापुर-राजगीर एक्सप्रेस का विस्तार कोडरमा तक किया गया है तथा विभिन्न स्टेशनों पर कई ट्रेनों का ठहराव भी उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धनबाद मंडल के 15 स्टेशनों का आधुनिककरण किया जा रहा है। इसके साथ ही ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत 26 स्टेशनों पर स्टॉल और ट्रॉलियां स्थापित कर स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सुझावों पर कार्रवाई का भरोसा

बैठक के समापन पर महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदों द्वारा दिए गए सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुझावों के आधार पर भविष्य की रेल विकास योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *