धनबाद-बोकारो को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की पहल पर रक्षा मंत्रालय का सकारात्मक जवाब

धनबाद-बोकारो को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की पहल पर रक्षा मंत्रालय का सकारात्मक जवाब

धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो की ओर से धनबाद-बोकारो औद्योगिक क्षेत्र को रक्षा विनिर्माण (डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग) हब के रूप में विकसित करने की पहल पर रक्षा मंत्रालय ने संज्ञान लिया है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद को पत्र भेजकर मंत्रालय की ओर से चल रही योजनाओं और रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी है।

सांसद ढुलू महतो ने अपने प्रस्ताव में कहा था कि बोकारो-धनबाद क्षेत्र में बोकारो स्टील प्लांट, मजबूत औद्योगिक आधार, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति, कुशल मानव संसाधन और बड़ी संख्या में एमएसएमई इकाइयों की मौजूदगी इसे रक्षा विनिर्माण के लिए उपयुक्त बनाती है। उन्होंने तर्क दिया कि यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब विकसित होने से ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

रक्षा मंत्रालय के जवाब में कहा गया है कि झारखंड में रक्षा उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल औद्योगिक आधार मौजूद है। मंत्रालय ने बताया कि निजी रक्षा उद्योगों को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और स्वदेशी रक्षा उत्पादन को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। इनमें iDEX और SRIJAN जैसी पहलें भी शामिल हैं। मंत्रालय ने क्षेत्र के उद्योगों और उद्यमियों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर रक्षा उत्पादन की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा बनने का भी आह्वान किया है।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद-बोकारो को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में विकसित किए जाने से झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र में नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि धनबाद-बोकारो को देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर स्थापित करने और यहां रक्षा उद्योगों का निवेश आकर्षित करने के लिए वे केंद्र सरकार के समक्ष लगातार प्रयास जारी रखेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *