इस्लामपुर रेड लाइट इलाके में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ड्रोन निगरानी के बीच 17 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

इस्लामपुर रेड लाइट इलाके में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ड्रोन निगरानी के बीच 17 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

इस्लामपुर: पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर में पुलिस ने रेड लाइट इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 नाबालिग लड़कियों को अवैध देह व्यापार से मुक्त कराया है। इस अभियान के दौरान पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पूरी कार्रवाई ड्रोन निगरानी के साथ योजनाबद्ध तरीके से की गई।

पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि काफी समय से सूचना मिल रही थी कि इस्लामपुर के रेड लाइट क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों से गैरकानूनी तरीके से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष अभियान चलाते हुए पुलिस ने इलाके में छापेमारी की। अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया।

छापेमारी में पुलिस ने 17 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इनमें अधिकांश लड़कियां बिहार और असम की रहने वाली हैं।

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को शनिवार को इस्लामपुर कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बचाई गई सभी नाबालिग लड़कियों को फिलहाल सुरक्षित होम में भेजा गया है। उनकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके परिवारों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और अवैध देह व्यापार के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

रिपोर्ट: अतीकुर रहमान, पश्चिम बंगाल (न्यूज़ ANP)

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *