हाजीपुर: पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, हाजीपुर की ओर से शनिवार को पाटलिपुत्र रेल परिसर स्थित आरेख उद्यान में वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता सिंह ने किया।
इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों से पौधारोपण कराया गया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण में पेड़ों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अध्यक्षा श्रीमती सुनीता सिंह ने बच्चों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को उपहार स्वरूप पॉटेड प्लांट (गमले में पौधा) भेंट किया गया, ताकि वे अपने घरों में पौधों की देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
वन महोत्सव कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती रंजना कुमार, सचिव श्रीमती मनीषा सिन्हा, संयुक्त सचिव श्रीमती प्रियंका सिंह सहित संगठन की कार्यकारिणी की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं। इसके अलावा महिला कल्याण संगठन, दानापुर की कार्यकारिणी सदस्याओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नई पीढ़ी में पौधारोपण और हरित वातावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

