धनबाद: जिले के बलियापुर प्रखंड स्थित नया प्राथमिक विद्यालय हरिबोल थान (मुकुंदा) में शुक्रवार को मिड डे मील तैयार करने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई, लेकिन प्रधानाध्यापक, पंचायत समिति सदस्य और ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
मिड डे मील बनाते समय अचानक लगी आग
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में मध्याह्न भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान रसोई में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर से तेज लपटें उठने लगीं, जिससे विद्यालय में मौजूद बच्चों और शिक्षकों में दहशत फैल गई।
घटना के बाद बच्चे कक्षाओं से बाहर निकलने लगे और विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरधारी महतो ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी विद्यालय पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए।
पंचायत समिति सदस्य ने दिखाई सूझबूझ
इस दौरान मुकुंदा पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहस का परिचय देते हुए डंडे की मदद से जलते गैस सिलेंडर को विद्यालय परिसर से बाहर कर दिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने पानी, बालू और भीगे हुए बोरे की सहायता से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
जांच की उठी मांग
हीरालाल मोदक ने बताया कि सूचना मिलते ही वह विद्यालय पहुंचे, जहां बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जलते सिलेंडर को बाहर किया गया। उन्होंने कहा कि संबंधित गैस सिलेंडर उसी दिन विद्यालय में लाया गया था।
उन्होंने घटना के कारणों की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद एहतियात के तौर पर उस दिन बिना मिड डे मील कराए ही विद्यालय की छुट्टी कर दी गई। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों से बचने के लिए विद्यालयों में नियमित सुरक्षा जांच और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

