Dhanbad News: धनबाद के सरायढेला स्थित ए.के. राय स्मृति स्थल पर सोमवार को पूर्व सांसद एवं प्रखर मजदूर नेता कॉमरेड ए.के. राय की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। एके राय मेमोरियल आयोजन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धांजलि और माल्यार्पण का सिलसिला चलता रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। सभी ने कॉमरेड ए.के. राय के संघर्षपूर्ण जीवन, सादगी, ईमानदारी और मजदूर हितों के लिए किए गए उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी और समाजसेवी सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ए.के. राय केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि वे जनसंघर्ष, सामाजिक न्याय और मजदूर अधिकारों की एक सशक्त विचारधारा थे। उन्होंने जीवनभर मजदूरों, वंचितों और शोषित वर्गों की आवाज बुलंद की।
वक्ताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलन को नई दिशा देने और आम लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने में ए.के. राय की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनके सिद्धांत, विचार और जीवन मूल्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
गौरतलब है कि कॉमरेड ए.के. राय धनबाद से तीन बार सांसद और तीन बार विधायक रहे। उन्हें झारखंड आंदोलन और मजदूर आंदोलन के एक ईमानदार, संघर्षशील और जनप्रिय नेता के रूप में आज भी याद किया जाता है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और मजदूरों तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

