केरल में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना की शुरुआत के समय एक अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब कोल्लम में एक खचाखच भरी सरकारी बस में महिला एवं बाल विकास मंत्री बिंदु कृष्णा पर गलती से गर्म खीर गिर गई।
यह घटना तब हुई जब मंत्री ‘प्रियदर्शनी’ योजना को लागू करने के सिलसिले में केरल राज्य सड़क परिवहन निगम की बस में यात्रा कर रही थीं। इस योजना के तहत राज्य भर में सामान्य KSRTC बसों में महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती है।
मंत्री सर पर गिरी गर्म खीर
मंत्री का स्वागत करने के लिए बस में चढ़े समर्थक यात्रा के दौरान उन्हें खिलाने के लिए पायसम (खीर) लाए थे। खचाखच भरी बस में भारी भीड़ के बीच, मिठाई वाला बर्तन गलती से मंत्री से टकरा गया, जिससे खीर उनके सिर और कपड़ों पर गिर गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बिंदु कृष्णा को अपने बालों और कपड़ों से खीर को साफ करते हुए देखा जा सकता है, जबकि उनके साथी उन्हें साफ-सफाई में मदद करने के लिए आगे आते हैं।
सीएम सतीशन में किया योजना का उद्घाटन
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने थंपनूर में KSRTC बस टर्मिनल पर इस योजना का उद्घाटन किया और इसे महिला सशक्तिकरण और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
पहले चरण के तहत, सभी उम्र की महिलाएं और ट्रांसजेंडर लोग बिना किसी रजिस्ट्रेशन या दस्तावेज के पूरे केरल में सभी 3,125 सामान्य KSRTC बसों मुफ्त यात्रा कर सकते हैं।
यात्रियों को बस कंडक्टर से इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीनों के जरिए सिर्फ जीरो वैल्यू वाला प्रियदर्शनी टिकट लेना होता है, जिससे सरकार KSRTC को यात्राओं का खर्च चुका सके।

