धनबाद। बलियापुर रोड स्थित धांगी मोड़ के समीप सूर्या हाइलैंड सिटी में महिलाओं के लिए भव्य सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ज्योति शर्मा ने किया। समारोह में सोसायटी की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
हरे परिधानों में सजीं महिलाएं
सावन मिलन समारोह में महिलाएं हरी साड़ियों और हरी चूड़ियों में सज-धजकर पहुंचीं। महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाई और सावन के पारंपरिक रंग में समारोह का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान सावन के झूले लगाए गए। महिलाओं ने झूले का आनंद लेने के साथ नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां भी दीं। एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह का माहौल बना रहा।
महिलाओं के लिए भावनात्मक जुड़ाव का अवसर
आयोजक ज्योति शर्मा ने कहा कि सावन मिलन समारोह महिलाओं के सौभाग्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सावन महीने में महिलाएं बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती की आराधना करती हैं तथा अपने सौभाग्य की कामना करती हैं।
उन्होंने कहा कि सावन मिलन समारोह के बहाने महिलाओं को एक-दूसरे से मिलने और बातचीत करने का अवसर भी मिलता है। आज की व्यस्त जिंदगी में लोगों के पास एक-दूसरे के लिए समय कम होता जा रहा है। ऐसे आयोजन महिलाओं को आपस में जोड़ने का काम करते हैं।
ज्योति शर्मा ने कहा कि सावन मिलन समारोह से महिलाओं में एक भावनात्मक जुड़ाव बना रहता है।
सैकड़ों महिलाओं ने लिया हिस्सा
समारोह में सूर्या हाइलैंड सिटी की सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में ज्योति शर्मा के अलावा विभा प्रसाद, सुलक्षणा सिंह, ममता सिन्हा, ज्योति विश्वकर्मा, अनीता शर्मा, प्रीति गुप्ता, मधु बंसल, बबली श्रीवास्तव, रानी शर्मा, बिंदु सिंह, अनीता, सुषमा सिंह, सारिका श्रीवास्तव, रीना कुमार, सरिता सिन्हा, रश्मि शर्मा, आरती श्रीवास्तव, प्रिया सिन्हा और सुजाता सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।

