धनबाद में कांग्रेस का SIR संवाद कार्यक्रम, भूपेंद्र मरावी बोले- अनुशासनहीन लोगों पर होगी कड़ी कार्रवाई

धनबाद में कांग्रेस का SIR संवाद कार्यक्रम, भूपेंद्र मरावी बोले- अनुशासनहीन लोगों पर होगी कड़ी कार्रवाई

धनबाद। धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को लुबी सर्कुलर रोड स्थित स्वामी सहजानंद सेवा ट्रस्ट भवन में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की। इसमें संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।

बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने पर जोर

बैठक के मुख्य अतिथि एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सह झारखंड प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

उन्होंने नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार और पात्र नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

बैठक के दौरान भूपेंद्र मरावी ने संगठन में अनुशासन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों के अनुरूप कार्य करने और अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

संगठन की मजबूती पर नेताओं का जोर

बैठक को संबोधित करते हुए शहरी जिला प्रभारी शकील अख्तर ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में है। वहीं ग्रामीण जिला प्रभारी राकेश किरण महतो ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को और तेज करने की आवश्यकता बताई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जिला संगठन पार्टी के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करेगा और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचने का प्रयास करेगा। बोकारो जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर महथा ने भी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

अभियान की प्रगति की हुई समीक्षा

बैठक में विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी रणनीति पर चर्चा की।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष साहिद कमर ने दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *