धनबाद में SIR 2026 फॉर्म भरने के नाम पर वसूली, SDM ने वासेपुर के साइबर कैफे को किया सील

धनबाद में SIR 2026 फॉर्म भरने के नाम पर वसूली, SDM ने वासेपुर के साइबर कैफे को किया सील

धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) अभियान के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए धनबाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) लोकेश बारंगे ने गुरुवार को वासेपुर क्षेत्र के दो साइबर कैफे का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक साइबर कैफे में राशि लेकर SIR फॉर्म भरने की पुष्टि होने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान वासेपुर स्थित ‘गल्फ जॉब’ नामक साइबर कैफे में मतदाताओं से पैसे लेकर SIR 2026 फॉर्म भरने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद SDM के निर्देश पर संबंधित साइबर कैफे को तत्काल सील कर दिया गया।

इसके बाद प्रशासनिक टीम ने ‘रूशान कम्युनिकेशन’ साइबर कैफे का भी निरीक्षण किया। यहां जांच के बाद संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए कहा गया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े फॉर्म भरने का अधिकार केवल अधिकृत अधिकारियों और कर्मियों को है। किसी भी निजी साइबर कैफे या अनधिकृत व्यक्ति द्वारा इस प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना नियमों के विरुद्ध है।

SDM लोकेश बारंगे ने मतदाताओं से अपील की कि वे SIR 2026 से संबंधित फॉर्म भरने, सुधार कराने या जमा करने के लिए केवल बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सुपरवाइजर अथवा अधिकृत वॉलेंटियर्स की ही सहायता लें। इससे उनकी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रहेगी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी।

उन्होंने कहा कि निजी साइबर कैफे द्वारा शुल्क लेकर फॉर्म भरने की न तो अनुमति है और न ही इस बात की कोई गारंटी है कि फॉर्म में सही जानकारी दर्ज की जाएगी। चुनाव संबंधी कार्यों का व्यवसायीकरण और अनधिकृत हस्तक्षेप एक दंडनीय अपराध है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे साइबर कैफे और व्यक्तियों के खिलाफ औचक निरीक्षण जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एनडीसी दीपक कुमार दुबे, नगर निगम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एसडीएम कार्यालय के विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *