पाकुड़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR 2026) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या-203 (खजूरडांगाल) तथा बूथ संख्या-204 एवं 205 (बासेतकुण्डी) पहुंचकर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर संपर्क अभियान, गणना प्रपत्रों के संधारण, प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रपत्रों की गुणवत्ता, शुद्धता और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि बीएलओ और पर्यवेक्षकों को दिए गए चरणबद्ध एवं बहुस्तरीय प्रशिक्षण का सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाया कि बीएलओ मतदाताओं को प्रत्येक कॉलम की जानकारी देकर सावधानीपूर्वक प्रपत्र भरवा रहे हैं। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कहीं भी कोई गंभीर त्रुटि नहीं मिली। यदि किसी स्तर पर छोटी-मोटी गलती रह जाती है तो बीएलओ और सुपरवाइजर उसकी जांच कर सुधार के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत की। उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन कराने तथा नाम जोड़ने, संशोधन या अन्य आवश्यक बदलाव के लिए निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय पर आवेदन करने की अपील की। साथ ही लोगों से अपने परिवार और आसपास के पात्र नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल होना आवश्यक है। जिला प्रशासन विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी पाकुड़िया सोमनाथ बनर्जी, बीएलओ सुपरवाइजर तथा संबंधित बीएलओ भी उपस्थित रहे।

