झरिया में साईं बाबा दिव्य रथ का भव्य स्वागत, चरण पादुका के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

झरिया में साईं बाबा दिव्य रथ का भव्य स्वागत, चरण पादुका के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

झरिया (धनबाद): भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 100वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में पुट्टपर्थी (आंध्र प्रदेश) से निकला ‘साईं बाबा दिव्य रथ’ गुरुवार को झरिया पहुंचा। रथ के आगमन पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने शंखध्वनि, पुष्पवर्षा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। बाद में यह दिव्य रथ भागा और सिंदरी के लिए रवाना हुआ।

चरण पादुका के दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार

देशभर में भ्रमण पर निकले पांच ‘प्रेम प्रवाहिनी रथों’ में से एक रथ धनबाद होते हुए झरिया पहुंचा। दिव्य रथ में भगवान श्री सत्य साईं बाबा की प्रतिमा और उनकी पावन चरण पादुकाएं स्थापित थीं। इनके दर्शन के लिए सुबह से ही झरिया, कतरास, सिंदरी और धनबाद सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

पूजा, महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन

रथ के आगमन से पूरा क्षेत्र “ॐ श्री साईं राम” के जयकारों से गूंज उठा। झरिया साईं मंदिर के समीप विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। झरिया से रवाना होने के बाद दिव्य रथ भागा और सिंदरी साईं मंदिर भी पहुंचा, जहां भक्तों ने आरती कर स्वागत किया।

सेवा कार्यों की दी जानकारी

आयोजन के दौरान समिति के सदस्यों ने बताया कि पुट्टपर्थी, बेंगलुरु, गुजरात और रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संस्थान के अस्पतालों में हृदय, नेत्र, हड्डी और न्यूरो जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बाबा के सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों की भी जानकारी दी।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद

कार्यक्रम की व्यवस्था और स्वागत में झरिया साईं सेवा समिति के एस. के. गुप्ता, अरजीत गुप्ता, भगवती मोदी, सत्यनारायण भोजगढ़िया, जय प्रकाश मोदी, गुरदीप सिंह, अमरजीत सिंह, गौतम राठौर, बृज मोहन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, मंजु देवी, जया देवी, रीना देवी, प्रेमलता देवी और दिलीप सेन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *