धनबाद: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस रविवार को धनबाद के सर्किट हाउस में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर स्थापना दिवस का जश्न मनाया तथा संगठन को झारखंड में और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता विस्तार और पार्टी की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।
प्रदेश महासचिव हातिम अंसारी ने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने हमेशा गरीबों, वंचितों और सामाजिक न्याय की राजनीति को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि स्थापना दिवस के अवसर पर सभी यह संकल्प लें कि झारखंड में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे और लालू प्रसाद यादव के विचारों एवं सामाजिक न्याय के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। आने वाले दिनों में पार्टी जनसंपर्क अभियान और संगठन विस्तार के माध्यम से अपनी गतिविधियों को और तेज करेगी।

