धनबाद के कलाकारों के सपनों को मिली नई उड़ान, रंगशाला 2026 का हुआ समापन

धनबाद के कलाकारों के सपनों को मिली नई उड़ान, रंगशाला 2026 का हुआ समापन

धनबाद: लुबी सर्कुलर रोड स्थित विवाह भवन में आयोजित सात दिवसीय थिएटर एवं कैमरा एक्टिंग वर्कशॉप ‘रंगशाला 2026’ का शुक्रवार को प्रमाण पत्र वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। द ब्लैक पर्ल्स धनबाद, ऑल इंडिया कल्चरल काउंसिल और रंग संस्कार थिएटर ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में 50 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने की उठी मांग

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व बियाडा चेयरमैन एवं समाजसेवी बिजय झा ने कहा कि कला और कलाकार किसी भी समाज की संस्कृति और पहचान को दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद के कलाकार प्रतिभाशाली हैं, लेकिन शहर में मंचन और नियमित अभ्यास के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार से कलाकारों के लिए किफायती अभ्यास स्थल उपलब्ध कराने की मांग की।

कला के प्रति समर्पण जरूरी

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अमितेश सहाय ने कहा कि कला के क्षेत्र में सफलता के लिए समर्पण सबसे महत्वपूर्ण है। वहीं सिंह मेंशन परिवार की मिनी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि वह स्वयं कला और डिजाइन के क्षेत्र से जुड़ी हैं और कलाकारों की मेहनत का मूल्य समझती हैं। उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के जीवन पर आधारित वेब सीरीज से भी जुड़ी हुई हैं।

अभिनय से लेकर मेकअप तक मिला प्रशिक्षण

सात्विक आईवीएफ की डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी ने बताया कि कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अभिनय, कैमरा एक्टिंग, मेकअप, मुखौटा निर्माण, वॉयस मॉड्यूलेशन और अन्य व्यावहारिक विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने भविष्य में भी कलाकारों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

50 प्रतिभागियों को मिला प्रमाण पत्र

समापन समारोह में कुल 50 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर दिव्यांग प्रतिभागी रेखा मिश्रा सहित अन्य कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। संस्था की ओर से मुख्य प्रशिक्षक डॉ. देश राज मीणा और मोनालिशा दास के साथ-साथ डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी को भी सम्मानित किया गया। समारोह में कार्यक्रम संयोजिका शारदा गिरी, आयोजन समिति के राम प्रवेश, महताब, संजय और श्याम लाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *