धनबाद: महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती के अवसर पर झारखंड विधानसभा के सचेतक एवं धनबाद विधायक राज सिन्हा ने पॉलिटेक्निक मोड़ स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने आज़ाद के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को देश की हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का संपूर्ण जीवन मातृभूमि के प्रति समर्पण, स्वाभिमान और अदम्य साहस का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि आज़ाद ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर यह संदेश दिया कि राष्ट्रहित से बढ़कर कुछ भी नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को चंद्रशेखर आज़ाद के आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उनके संघर्ष, बलिदान और देशभक्ति की भावना आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्ष हुलास दास, रिंकू सिन्हा, वार्ड पार्षद अशोक पाल, मनोरंजन सिंह, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम रंजन, शंभू सिंह, संजीत सिंह, पप्पू गुप्ता, प्रमोद मित्तल, अमित सिंह, बी.पी. सिन्हा सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने भी अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

