धनबाद: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय मन्नान मल्लिक को धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बुधवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित वेलफेयर सोसायटी पार्क परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा उनके जनसेवा और राजनीतिक योगदान को याद किया।
कांग्रेस ध्वज अर्पित कर दी अंतिम विदाई
श्रद्धांजलि सभा के दौरान धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने स्वर्गीय मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का ध्वज अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी।
नेताओं ने जनसेवा और संघर्षपूर्ण जीवन को किया याद
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि मन्नान मल्लिक ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा, सामाजिक सद्भाव और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने में समर्पित किया। उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक उनके राजनीतिक मार्गदर्शक रहे और कांग्रेस संगठन में उनकी भूमिका हमेशा प्रेरणादायी रहेगी।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रदीप कुमार बालमुचू ने कहा कि मन्नान मल्लिक केवल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ही नहीं, बल्कि झारखंड की राजनीति के सम्मानित और लोकप्रिय जननेता थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में गरीबों, वंचितों और आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया।
उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
सभा में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय मन्नान मल्लिक के अधूरे सपनों को पूरा करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, जलेश्वर प्रसाद महतो, पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, ए.के. झा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मन्नान मल्लिक का जनसेवा, सामाजिक समर्पण और संगठन के प्रति योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

