कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए कोलकाता हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दायर की है।
मंगलवार को उन्होंने अदालत में हलफनामा दाखिल कर निर्वाचन परिणाम की वैधता पर सवाल उठाए।जानकारी के अनुसार, 2026 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने चुनाव परिणाम को न्यायालय में चुनौती देने का निर्णय लिया।
यह पहली बार नहीं है जब ममता बनर्जी ने किसी चुनावी हार के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाया हो। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी से पराजित होने के बाद भी उन्होंने चुनाव परिणाम के खिलाफ याचिका दायर की थी। वह मामला अभी भी न्यायालय में लंबित है।
मंगलवार दोपहर ममता बनर्जी के अचानक हाई कोर्ट पहुंचने से अदालत परिसर में हलचल बढ़ गई। बाद में उनके अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि उन्होंने भवानीपुर विधानसभा चुनाव से संबंधित इलेक्शन पिटीशन दाखिल की है। इस दौरान तृणमूल नेता कुणाल घोष और डोला सेन भी उनके साथ मौजूद रहे।
राजनीतिक हलकों में इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि लगातार दूसरी बार शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनावी मुकाबले में हार के बाद ममता बनर्जी ने न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की है। वहीं भाजपा इस कदम को राजनीतिक पराजय स्वीकार न करने की रणनीति के रूप में देख रही है।
अब इस मामले पर हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क और साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे, जिसके बाद न्यायालय आगे का निर्णय लेगा।

