धनबाद: धनबाद नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बैंक मोड़ क्षेत्र में व्यापार अनुज्ञप्ति (ट्रेड लाइसेंस) सत्यापन अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम द्वारा संचालित किया गया।अभियान का नेतृत्व सिटी मैनेजर विशाल सिन्हा ने किया। इस दौरान टीम ने बैंक मोड़ क्षेत्र के विभिन्न दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर ट्रेड लाइसेंस का सत्यापन किया। साथ ही कई लंबित आवेदनों का निष्पादन भी किया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों से संवाद स्थापित कर लाइसेंस संबंधी जानकारी साझा की तथा आवश्यक सुझाव प्राप्त किए। इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने व्यापार अनुज्ञप्ति और अन्य व्यावसायिक प्रक्रियाओं से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को निगम अधिकारियों के समक्ष रखा।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि व्यापारिक समुदाय से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। इन मुद्दों के समाधान और बेहतर समन्वय के लिए आगामी दिनों में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि धनबाद नगर निगम नागरिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को पारदर्शी, प्रभावी एवं जनोन्मुखी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण, जनसंपर्क कार्यक्रम और सत्यापन अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
नगर निगम ने व्यापारियों से समय पर ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण कराने और आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखने की अपील की है, ताकि प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल और सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

