मैथन से लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी ट्रेलर से टकराई, एक जवान की मौत; तीन घायल

मैथन से लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी ट्रेलर से टकराई, एक जवान की मौत; तीन घायल

धनबाद। हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम मंगलवार सुबह एक अभियुक्त की तलाश में धनबाद के मैथन क्षेत्र में छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई पूरी करने के बाद जब टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक पुलिस जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

हादसे में एक जवान की मौत, तीन घायल

मृतक जवान की पहचान रामलखन यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में नरेश यादव (37 वर्ष), ग्रीन पासवान (37 वर्ष) और सरकारी वाहन के चालक गौरव कुमार (करीब 35 वर्ष) घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद पहुंचाया गया।

बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर

एसएनएमएमसीएच में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने दी घटना की जानकारी

एसएनएमएमसीएच आरक्षी चौकी में तैनात एसआई विनोद कुर्जू ने बताया कि चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी करने गई थी। वापसी के दौरान बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से सरकारी वाहन की टक्कर हो गई, जिसमें एक जवान की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

परिजन अस्पताल पहुंचे

घायल जवान के भतीजे आदर्श पासवान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद वह अस्पताल पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर घायलों का इलाज कर रहे हैं और उनकी चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *