पाकुड़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने मंगलवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 213, 409 और 410 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा बीएलओ-बीएलए-2 बैठक और चुनाव पाठशाला में भाग लेकर अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद किया।
गणना प्रपत्र और डिजिटाइजेशन कार्य की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 बैठकों में अब तक प्राप्त गणना प्रपत्रों, डिजिटाइजेशन की प्रगति, सत्यापित एवं मैप किए गए मतदाताओं की संख्या, शेष अनमैप मतदाताओं की स्थिति तथा तैयार की गई एएसडीडी (ASDD) सूची की विस्तार से समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की त्रुटि, आपत्ति या शंका सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बीएलओ को समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
डीसी मेघा भारद्वाज ने बीएलओ को निर्देश दिया कि नए मतदाताओं का पंजीकरण, नाम संशोधन, विलोपन सहित सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होना और सूची का पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सभी पक्षों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील
उपायुक्त ने बीएलओ, बीएलए-2 और संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान एईआरओ सह अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, अतिरिक्त एईआरओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए-2 तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

