धनबाद: मां शारदा सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट ने जरूरतमंदों और असहाय लोगों की सेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया गया।कार्यक्रम में समाजसेवी कुम्भनाथ सिंह, श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, युवा संघर्ष मोर्चा के संस्थापक दिलीप सिंह तथा श्वेता किन्नर सहित कई अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
संस्था के संस्थापक सरोज सिंह ने बताया कि ट्रस्ट पिछले चार वर्षों से लगातार प्रत्येक शनिवार को रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था भोजन सेवा के अलावा अन्य सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेती है।समाजसेवी कुम्भनाथ सिंह ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी ओर से भी जरूरतमंदों के लिए भोजन वितरण और अन्य सेवा कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।उदय प्रताप सिंह और दिलीप सिंह ने ट्रस्ट द्वारा लगातार चार वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना सबसे बड़ा मानवीय धर्म है। उन्होंने लोगों से भी सामाजिक कार्यों में आगे आने और जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की।कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और संस्था के सदस्यों ने अपने हाथों से जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरित किया।
आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता और मानव सेवा का संदेश भी दिया गया।कार्यक्रम में सूरज गिरि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं।

