दक्षिण 24 परगना। माहेशतला नगरपालिका क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगरपालिका के वार्ड संख्या 5 में एक ही दाग नंबर पर निर्मित छह मकानों को तोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, कमरुन नेशा बीबी द्वारा दायर एक मामले की सुनवाई के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट ने संबंधित निर्माणों को अवैध मानते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया था। जस्टिस अमृता सेन की बेंच के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने यह अभियान शुरू किया।कार्रवाई के दौरान माहेशतला नगरपालिका के बिल्डिंग विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रवींद्रनगर थाने की पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को हटाने का कार्य जारी है।स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुए इस अभियान को इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।फिलहाल प्रशासन न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई को आगे बढ़ा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
न्यूज़ ANP के लिए पश्चिम बंगाल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट
