किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इंस्टाग्राम ने अपने प्लेटफॉर्म पर एक नया सुरक्षा फीचर शुरू किया है। इस फीचर के तहत यदि कोई किशोर बार-बार आत्महत्या या सेल्फ-हार्म से जुड़े शब्दों की खोज करता है, तो उसके माता-पिता को इसकी सूचना भेजी जाएगी।
हालांकि, यह सुविधा केवल उन अभिभावकों के लिए उपलब्ध होगी, जिन्होंने इंस्टाग्राम के Parental Supervision Program में अपने अकाउंट को पंजीकृत किया है। कंपनी का उद्देश्य जोखिम वाले व्यवहार के शुरुआती संकेतों की पहचान कर माता-पिता को समय रहते सतर्क करना और किशोरों की सुरक्षा को बेहतर बनाना है।
मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम ने बताया कि वह पहले से ही किशोरों के अकाउंट में सर्च रिजल्ट में इस तरह की सामग्री के दिखने पर रोक लगा चुका है और लोगों को हेल्पलाइन के लिए निर्देशित करता है। माता-पिता को अलर्ट ईमेल, टेक्स्ट या वाट्सएप के माध्यम से भेजे जाएंगे। इंस्टाग्राम अकाउंट से भी नोटिफिकेशन भेजा जाएगा।
इंस्टाग्रमा ने बयान में कहा, ‘ये अलर्ट इंस्टाग्राम पर किशोरों को नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट से बचाने में मदद करने के हमारे मौजूदा प्रयास पर आधारित हैं। हमारे पास इस तरह की सामग्री के खिलाफ सख्त नीति है, जो आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने को बढ़ावा देने से रोकती है। बता दें कि यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब मेटा को बच्चों को नुकसान पहुंचाने वाली साम्रगी को लेकर दो मुकदमों का सामना करना पड़ रहा है।

