दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 10 अधिकारियों के तबादले, LG का आदेश जारी

दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 10 अधिकारियों के तबादले, LG का आदेश जारी

एलजी तरनजीत सिंह संधू के आदेश पर शुक्रवार को दिल्ली सरकार के सेवा विभाग ने तीन आइएएस और सात दानिक्स अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि यह बदलाव शासन व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने और विभिन्न विभागों में लंबित कार्यों को गति देने के उद्देश्य से किया गया है।

आदेश के अनुसार, वर्ष 2000 बैच की आईएएस अधिकारी दिलराज कौर को प्रधान सचिव (शिक्षा) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रधान सचिव (उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा), एमडी- दिल्ली कोआपरेटिव हाउसिंग फाइनेंस कारपोरेशन (डीसीएचएफसी) और एमडी- दिल्ली स्टेट फाइनेंस डेवलपमेंट कारपोरेशन (डीएसएफडीसी) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

2021 बैच के आइएएस अधिकारी हिमांशु निगम, जो जीएनसीटीडी में कार्यभार ग्रहण करेंगे, उन्हें सचिव – दिल्ली एग्रीकल्चरल मार्किटिंग बोर्ड (डीएएमबी) के साथ सचिव- एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केट कमेटी (एपीएमसी) का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

आयुषी को भेजा गया एमसीडी

वहीं वर्ष 2022 बैच की आइएएस अधिकारी आयुषी से डीएएमबी और एपीएमसी का प्रभार वापस ले लिया गया है। आयुषी को अब एमसीडी में भेजा गया है। वर्ष 2009 बैच के दानिक्स अधिकारी वडोदरिया करणजीत पी. को डिप्टी कमिश्नर/जिलाधिकारी (पूर्वी जिला) नियुक्त किया गया है।

वहीं 2013 बैच के मोहित मिश्रा को एडीएम (नार्थ-ईस्ट), राधे श्याम मीणा (2017 बैच) को एडीएम (आउटर-नार्थ) तथा पूनम (2017 बैच) को एडीएम (दक्षिण), राजस्व विभाग में तैनात किया गया है। इसके अलावा आयुषी सोनी (दानिक्स 2023), जो अब तक प्रतीक्षारत थीं, उन्हें एसडीएम (मुख्यालय), दक्षिण जिला के पद पर नियुक्त किया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *