धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पर्यावरण विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के ईआईएसीपी प्रोग्राम सेंटर ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा संस्थान के हॉर्टिकल्चर सेक्शन के सहयोग से वन महोत्सव 2026 के अंतर्गत सीड बॉल मेकिंग वर्कशॉप और थंब इम्प्रेशन अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।
सीड बॉल वर्कशॉप के माध्यम से हरित संरक्षण का संदेश
“स्मॉल सीड्स, बिग चेंज: नर्चरिंग द रूट्स ऑफ ग्रीन रेस्टोरेशन” विषय पर आयोजित सीड बॉल मेकिंग वर्कशॉप में प्रतिभागियों ने मिट्टी, कम्पोस्ट और देशी पौधों के बीजों की सहायता से सीड बॉल तैयार किए। इस दौरान उन्हें बीज संरक्षण, स्थानीय प्रजातियों को बढ़ावा देने और प्राकृतिक तरीके से हरित क्षेत्र विकसित करने के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का उद्घाटन आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा तथा दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उप निदेशक प्रो. शरत कुमार दास, रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय, पर्यावरण विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं ईआईएसीपी सेंटर के समन्वयक प्रो. आलोक सिन्हा सहित डीन, संस्थान के अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं और दीप्ति लेडीज क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने प्रकृति संरक्षण और सतत विकास के लिए युवाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
थंब इम्प्रेशन अभियान में लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
“वन थंबप्रिंट, वन लीफ, वन प्लेज, वन एक्शन, काउंटलेस इम्पैक्ट्स” थीम पर आयोजित थंब इम्प्रेशन अभियान में प्रतिभागियों ने अपने अंगूठे की छाप देकर पर्यावरण संरक्षण, सतत जीवनशैली अपनाने और प्रकृति की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह अभियान सामूहिक भागीदारी और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का प्रतीक बना।

पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने समाज में पर्यावरण जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

