धनबाद: पूर्व डिप्टी मेयर स्वर्गीय नीरज सिंह के मौसेरे भाई हर्ष सिंह के घर पुत्र रत्न के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है। धैया स्थित संजय सदन में शुभ अवसर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने परिवार को शुभकामनाएं दीं।
संजय सदन में सुंदरकांड पाठ का आयोजन
पुत्र जन्म की खुशी में संजय सदन को फूलों, आकर्षक रोशनी और पारंपरिक सजावट से सजाया गया। इस अवसर पर धार्मिक वातावरण के बीच सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शुभचिंतक शामिल हुए।
राजन जी महाराज ने नवजात को दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध श्रीराम कथावाचक एवं आध्यात्मिक गुरु राजन जी महाराज का आगमन रहा। उन्होंने नवजात शिशु को गोद में लेकर आशीर्वाद दिया और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
राजन जी महाराज ने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा कि नवजात स्वस्थ, संस्कारी और बलिष्ठ बने। उन्होंने सभी देशवासियों से भगवान के प्रति श्रद्धा और आस्था बनाए रखने का भी संदेश दिया।
परिवार ने जताया आभार
इस अवसर पर अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने कहा कि परिवार के लिए यह अत्यंत खुशी का अवसर है। उन्होंने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजन जी महाराज का घर आकर आशीर्वाद देना पूरे परिवार के लिए सौभाग्य की बात है।
शुभकामनाएं देने पहुंचे कई गणमान्य लोग
पुत्र जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शुभचिंतक पहुंचे और परिवार को बधाई दी। पूरे दिन संजय सदन में आगंतुकों का आना-जाना लगा रहा और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

