धनबाद: आर्थिक अभाव के बावजूद बुलंद हौसलों और कड़ी मेहनत के दम पर धनबाद की पूनम कुमारी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET 2026 में शानदार सफलता हासिल कर मिसाल पेश की है। दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम ने 582 अंक, 99.1375 परसेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक (AIR) 16,972 प्राप्त की है। उनकी सफलता पर जिला प्रशासन ने उन्हें सम्मानित करते हुए मेडिकल शिक्षा का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा की है।
आर्थिक संघर्ष के बीच हासिल की बड़ी सफलता
धनबाद के भूदा बस्ती की रहने वाली पूनम कुमारी एसएसएलएनटी सीएम उत्कृष्ट गर्ल्स विद्यालय (CM School of Excellence) की छात्रा रही हैं। उनके पिता धरमू गोराई दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि माता पीपू देवी गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद पूनम ने लगातार मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की।
इससे पहले भी उन्होंने सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर धनबाद जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया था।
उपायुक्त ने किया सम्मानित, पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा
नीट परीक्षा में सफलता के बाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने समाहरणालय में पूनम को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी किसी प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई में बाधा नहीं बनेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के शिक्षा के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन पूनम के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश से लेकर डॉक्टर बनने तक की पूरी पढ़ाई का खर्च वहन करेगा।
कार्डियोलॉजिस्ट बनकर करना चाहती हैं लोगों की सेवा
पूनम कुमारी का सपना भविष्य में कार्डियोलॉजिस्ट बनकर जरूरतमंद मरीजों की सेवा करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय से मिले मार्गदर्शन को दिया।
उन्होंने बताया कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सीबीएसई पैटर्न की पढ़ाई और शिक्षकों के सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सरकारी विद्यालयों के लिए बनी प्रेरणा
पूनम की सफलता सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। यह उपलब्धि दिखाती है कि बेहतर शैक्षणिक माहौल, समर्पित शिक्षक और निरंतर मेहनत के बल पर आर्थिक चुनौतियों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।
जिले में पूनम की उपलब्धि पर खुशी का माहौल है और लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

