गोविंदपुर, धनबाद। दुर्गा पूजा से पहले गोविंदपुर में जीटी रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर अनुमंडल अधिकारी लोकेश कुमार बारंगे के नेतृत्व में गुरुवार को एनएचएआई की जमीन से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान गोविंदपुर ऊपर बाजार से रंगडीह मोड़ तक दिल्ली लेन का अतिक्रमण लगभग हटा दिया गया। दुकानों के आगे बनाए गए छज्जे, सीढ़ियां समेत अन्य अतिक्रमित हिस्सों को ध्वस्त किया गया।
शुक्रवार से रंगडीह मोड़ से कोलकाता लेन तक कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार गुरुवार को ऊपर बाजार से रंगडीह मोड़ तक कार्रवाई की गई। अब शुक्रवार को रंगडीह मोड़ से कोलकाता लेन की ओर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा, पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत, एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर जितेंद्र कुमार सिंह, एलपी सिंह, शैलेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम मौजूद रही।
कई बार चेतावनी के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
एसडीएम लोकेश कुमार बारंगे ने इससे पहले 15 सितंबर को गोविंदपुर ऊपर बाजार से अतिक्रमण हटाने का अभियान सांकेतिक रूप से शुरू किया था। उस दौरान माइक से प्रचार कर दुकानदारों को 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी।
इसके बाद प्रशासन की ओर से दोबारा भी माइक से अतिक्रमण हटाने की अपील और चेतावनी दी गई। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। गोविंदपुर में जीटी रोड पर जाम की समस्या बनी रहने के बाद अब प्रशासन ने सख्ती के साथ अभियान शुरू किया है।
दुर्गा पूजा से पहले जाम से राहत की कोशिश
समाहरणालय में दुर्गा पूजा को लेकर हुई बैठक में डीसी आदित्य रंजन ने अनुमंडल अधिकारी, गोविंदपुर अंचलाधिकारी और पुलिस इंस्पेक्टर को पूजा से पहले जीटी रोड के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।
इसका उद्देश्य पूजा और मेले के दौरान जीटी रोड पर जाम की समस्या को कम करना है, ताकि पूजा आयोजकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
एलिवेटेड रोड निर्माण में भी आ रही थी बाधा
इससे पहले एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विशाल कुमार ने डीसी और एसडीएम को आवेदन देकर गोविंदपुर में अतिक्रमण के कारण एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य प्रभावित होने की बात कही थी।
उनके अनुसार अतिक्रमण के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन रही है और निर्माण कार्य की गति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से एनएचएआई अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाएगा और जीटी रोड की जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर के मुताबिक गोविंदपुर बाजार क्षेत्र में एलिवेटेड रोड का निर्माण करीब छह महीने के भीतर तेजी से पूरा करने की योजना है। प्रशासन और एनएचएआई का मानना है कि अतिक्रमण हटने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी और बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

