गोल्फ ग्राउंड मेले में अवैध पार्किंग वसूली पर निगम सख्त, आयोजक पर लगेगा जुर्माना

गोल्फ ग्राउंड मेले में अवैध पार्किंग वसूली पर निगम सख्त, आयोजक पर लगेगा जुर्माना

धनबाद: रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित मेले के दौरान अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आने के बाद धनबाद नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। शिकायत मिलने के बाद निगम की जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें पार्किंग शुल्क वसूल रहे लोगों ने स्वीकार किया कि उन्हें नगर निगम से किसी प्रकार की अनुमति प्राप्त नहीं है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग शुल्क वसूलने का अधिकार केवल नगर निगम को है। बिना अनुमति किसी संस्था, संगठन या मेला आयोजक द्वारा पार्किंग शुल्क वसूलना पूरी तरह अवैध है और इसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मेयर ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार के मामले में संबंधित मेला आयोजक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इस बार भी जांच रिपोर्ट के आधार पर आयोजक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेले में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। नगर निगम की टीम स्वच्छता मानकों के अनुपालन की जांच कर रही है। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो आयोजकों के विरुद्ध अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम की अनुमति के बिना किसी भी व्यक्ति या संस्था को पार्किंग शुल्क वसूलने का अधिकार नहीं है। गोल्फ ग्राउंड मेले में अवैध पार्किंग वसूली की शिकायत सही पाई गई है और निगम इस मामले में पूरी गंभीरता से कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि आम जनता के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नगर निगम की कार्रवाई के बाद मेले के आयोजकों पर जुर्माने की तलवार लटक गई है। वहीं निगम की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *