“पाकिस्तान को राजनाथ सिंह की दो टूक चेतावनी: आतंक के आकाओं तक नहीं पहुंचेगा सिंधु का पानी”

“पाकिस्तान को राजनाथ सिंह की दो टूक चेतावनी: आतंक के आकाओं तक नहीं पहुंचेगा सिंधु का पानी”

भारत ने एक बार फिर आतंकवाद को पालने-पोषने वाले पाकिस्तान को सिंधु नदी के पानी को लेकर दो टूक संदेश दे दिया है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को पाकिस्तान के समर्थन की निंदा करते हुए शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार आतंकवाद प्रायोजित करने वालों तक सिंधु नदी का पानी नहीं पहुंचने देगी.

तेलंगाना में बीजेपी की ओर से आयोजित ‘इंटेलेक्चुअल मीट’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के जरिए सरकार ने दुनिया को दिखा दिया कि जो शांति और सद्भाव की भाषा नहीं समझते, उन्हें उन्हीं की भाषा में कैसे जवाब दिया जाता है.

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सैनिकों की बहादुरी पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस और विपक्ष के अन्य नेताओं की आलोचना की. रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने साफ़ कहा था कि अगर भारत के ख़िलाफ़ आतंकी हमले हुए, तो वह पाकिस्तान को अनाज और पानी की आपूर्ति रोक देगी.

आतंकवाद के आकाओं तक नहीं पहुंचने देंगे सिंधु का पानी

राजनाथ सिंह ने कहा, ‘पहलगाम में आतंकी हमले के बाद, सिंधु जल संधि को रोकते हुए हमने कहा कि जिनकी आंखों के आंसू सूख चुके हैं, उन्हें हमसे पानी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए. हम सिंधु का पानी आतंकवादियों के संरक्षकों और मानवता के दुश्मनों तक नहीं पहुंचने देंगे.’

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में उभरा है और उसने हमेशा आपदाओं का सामना करने वाले देशों की मदद की है. राजनाथ सिंह ने कोविड-19 महामारी के दौरान कई देशों को भारत द्वारा दी गई सहायता का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया भर में भारत को ‘‘विश्व बंधु’’ के रूप में देखा जाता है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत के दुश्मनों को यह नहीं भूलना चाहिए कि देश के पास न केवल टीके हैं, बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल भी है.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को एक खास परिवार की जागीर मानती है. एक लेखक का हवाला देते हुए सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2014 से पहले कहा करते थे कि 2024 में उनका समय आएगा.

राजनाथ सिंह ने कहा कि इससे पता चलता है कि राहुल गांधी का मानना ​​था कि लोगों का भरोसा जीतने के लिए कड़ी मेहनत करने के बजाय उन्हें अपने समय का इंतज़ार करना चाहिए. सिंह ने कहा कि एक तरफ़ भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी हैं, और दूसरी तरफ़ अन्य; यही दोनों के बीच का फ़र्क है.

रक्षामंत्री ने कहा कि भारत के बजट का हर रुपया देश की सुरक्षा को मजबूत करने में इस्तेमाल किया जा रहा है और सरकार पर किसी भी तरह के भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं हैं. उन्होंने कहा, ‘हम अगले चुनाव (जीतने) की चिंता नहीं करते, बल्कि अगली पीढ़ी की चिंता करते हैं. हम इस बात को लेकर चिंतित नहीं हैं कि अगले चुनाव में क्या होगा-हम इस बात को लेकर चिंतित हैं कि अगली पीढ़ी के साथ क्या होगा. हमारी नीयत बिल्कुल साफ है. हमारे शब्दों और कार्यों में कोई अंतर नहीं है.’

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *