आसनसोल: साउथ पुलिस फाड़ी क्षेत्र के एलआईसी मोड़ स्थित सुरक्षा डायग्नोस्टिक सेंटर के सामने पिछले छह दिनों से लावारिस अवस्था में खड़ी एक महिंद्रा XUV500 को पुलिस ने जब्त कर लिया। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या WB38AF0858 वाली महिंद्रा XUV500 बीते 6 जून 2026 से सुरक्षा डायग्नोस्टिक सेंटर के सामने खड़ी थी। वाहन को किसने वहां खड़ा किया और वह इतने दिनों तक वहीं क्यों रही, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं थी। लगातार कई दिनों तक वाहन के एक ही स्थान पर खड़े रहने से क्षेत्र में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।सुरक्षा डायग्नोस्टिक सेंटर के सुरक्षा गार्ड महेश दत्त ने बताया कि कई दिनों तक वाहन लेने कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी सेंटर प्रबंधन को दी। प्रबंधन द्वारा इसकी सूचना आसनसोल साउथ पुलिस फाड़ी को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। हालांकि वाहन के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को जब्त कर थाने पहुंचा दिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, वाहन का पंजीकरण आसनसोल के हाटन रोड निवासी नदीम इकबाल के नाम पर दर्ज है। पुलिस वाहन मालिक से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वाहन इतने दिनों तक सड़क किनारे लावारिस हालत में क्यों खड़ी रही।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वाहन मालिक के सामने आने का इंतजार कर रही है। मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है।(न्यूज़ ANP के लिए पश्चिम बंगाल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट)
एलआईसी मोड़ पर 6 दिनों से खड़ी लावारिस XUV500 जब्त, वाहन मालिक की तलाश में जुटी पुलिस

