धनबाद। धनबाद और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए राहत की खबर है। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब मरीजों को रांची या कोलकाता जैसे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी। विनोद बिहारी चौक, पांडरपाला स्थित SJAS सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कोल इंडिया के पात्र लाभार्थियों के लिए नियमानुसार कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू की गई है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य धनबाद में ही मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कोल इंडिया समेत इन संस्थानों के लाभार्थियों को सुविधा
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अस्पताल प्रबंधन ने कैशलेस इलाज की सुविधा की जानकारी दी। इसके तहत कोल इंडिया के पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार उपचार की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा आईआईटी आईएसएम, सिम्फर, हर्ल, अदाणी ग्रुप, पूर्व मध्य रेलवे और अधिकृत स्वास्थ्य बीमा के लाभार्थी भी उपलब्ध प्रावधानों के अनुसार इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
कैंसर से लेकर हृदय और किडनी तक इलाज
अस्पताल में कई गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ उपचार की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। इनमें कैंसर, हृदय, किडनी, न्यूरो, लिवर और गैस्ट्रो से संबंधित उपचार शामिल हैं।
अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा के साथ आईसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ इलाज देने का उद्देश्य
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से धनबाद और आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हो सकती है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मरीजों को उनके क्षेत्र में ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना बताया गया है।
अगले 15 दिनों में शुरू होंगी आयुष्मान योजना की सेवाएं
प्रेस वार्ता में बताया गया कि आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जुड़ी सेवाएं भी अगले 15 दिनों में शुरू किए जाने की बात कही गई है।
इन सेवाओं के शुरू होने के बाद पात्र मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

