Dhanbad News: सेनेटरी लैंडफिल के लिए 40 एकड़ भूमि पर चर्चा, जिला नगर विकास भूमि क्रय समिति की बैठक

Dhanbad News: सेनेटरी लैंडफिल के लिए 40 एकड़ भूमि पर चर्चा, जिला नगर विकास भूमि क्रय समिति की बैठक

धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला नगर विकास भूमि क्रय समिति की बैठक हुई। बैठक में धनबाद नगर निगम क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निपटारे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर निगम की ओर से कलियासोल अंचल में करीब 40 एकड़ भूमि पर सेनेटरी लैंडफिल निर्माण की योजना और इसके लिए चिह्नित स्थल पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि परियोजना शुरू होने के बाद धनबाद नगर निगम क्षेत्र में उत्पन्न होने वाले ठोस कचरे का निपटारा पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए वैज्ञानिक तरीके से किया जा सकेगा। इससे कचरे के निपटारे के दौरान स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े मानकों को बनाए रखने में मदद मिलेगी।

BCCL और FCI की जमीन के प्रस्ताव पर भी हुई चर्चा

उपायुक्त ने भूमि चयन की प्रक्रिया से जुड़े पूर्व प्रस्तावों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इससे पहले BCCL ने 38 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की शर्त रखी थी। यह भूमि 30 वर्षों या खनन कार्य की आवश्यकता तक ही उपलब्ध कराई जानी थी, इसलिए इसे परियोजना के लिए उपयुक्त नहीं माना गया।

इसके बाद FCI लिमिटेड से 90 एकड़ भूमि का प्रस्ताव प्राप्त हुआ था। हालांकि, FCI लिमिटेड की ओर से मांगी गई राशि अधिक होने के कारण भूमि का क्रय संभव नहीं हो सका।

इसके बाद बलियापुर अंचल के रघुनाथपुर में 19.34 एकड़ भूमि नगर निगम को निशुल्क हस्तांतरित की गई थी। हालांकि, कुछ अपरिहार्य कारणों से वहां परियोजना का संचालन नहीं हो सका।

आमझर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का निर्माण जारी

इसके बाद बलियापुर अंचल के आमझर में 17.81 एकड़ भूमि नगर निगम को निशुल्क हस्तांतरित की गई। यहां वर्तमान में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

बैठक में कलियासोल में प्रस्तावित सेनेटरी लैंडफिल के लिए चिह्नित भूमि और परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशिष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, डीएलएओ राम नारायण खालको, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, गोविंदपुर के अवर निबंधक मनोजीत प्रसाद सहित नगर निगम के आनंद राज और रूपेश कुमार मिश्रा मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *