Dhanbad News: जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन में उपायुक्त का आह्वान, “हर सहिया फूलो-झानो बनकर समाज की कुरीतियां खत्म करें”

Dhanbad News: जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन में उपायुक्त का आह्वान, “हर सहिया फूलो-झानो बनकर समाज की कुरीतियां खत्म करें”

धनबाद: जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से न्यू टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने सहियाओं से समाज में व्याप्त बाल विवाह, भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को समाप्त करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर सहिया सावित्रीबाई फुले और फूलो-झानो की प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक बने।

सहिया स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी: उपायुक्त

सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर व्यक्ति सहिया को पहचानता है और उनके प्रयासों से ही लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में सहियाओं ने उत्कृष्ट कार्य किया है और जिला प्रशासन को उन पर गर्व एवं पूरा भरोसा है।

उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ सब-सेंटरों का सुदृढ़ीकरण जारी है तथा राज्य सरकार द्वारा जिले को 300 से अधिक स्वास्थ्य उपकेंद्र उपलब्ध कराए गए हैं। आने वाले सात से आठ महीनों में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

मरीजों को सरकारी अस्पताल तक पहुंचाने पर दिया जोर

उपायुक्त ने सहियाओं से आग्रह किया कि वे मरीजों को समय पर सरकारी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सहिया स्वास्थ्य विभाग, सरकार और प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और आम जनता के साथ उनका व्यवहार ही स्वास्थ्य व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करता है।

बारिश के मौसम में सतर्कता बरतने की अपील

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि सहियाएं समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बारिश के मौसम में लोगों को सर्पदंश, जलजनित बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि जिले के 50 पुराने स्वास्थ्य केंद्रों को एल-1 केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां जल्द ही प्रसव सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली 25 सहियाएं हुईं सम्मानित

सम्मेलन में राज्य कार्यक्रम समन्वयक अकाई मिंज और सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने भी सहियाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान “भ्रूण हत्या महापाप है” विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 25 सहियाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें रजिस्टर, मेडिकल किट, होम बेस्ड न्यू बॉर्न केयर (HBNC) किट एवं होम बेस्ड यंग चाइल्ड केयर (HBYC) किट प्रदान की गई। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों और जिलेभर से आई हजारों सहियाओं ने भाग लिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *