धनबाद। साइबर अपराध की रोकथाम और आम लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए धनबाद पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान को और तेज कर दिया है। मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निजी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस की ओर से लोगों को ऑनलाइन ठगी के अलग-अलग तरीकों को लेकर सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
स्कूलों और कॉलेजों में रोजाना जागरूकता कार्यक्रम के निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में प्रतिदिन साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है।
जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और युवाओं को फर्जी लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं।
इसके साथ ही शांति समिति, जन सहयोग समिति, चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों के साथ नियमित बैठक कर साइबर सुरक्षा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुनाफे के लालच में सिम और बैंक खाता न देने की अपील
ग्रामीण क्षेत्रों में भी साइबर अपराध को लेकर जागरूकता बढ़ाने की तैयारी की गई है। एसएसपी ने सभी डीएसपी और एसडीपीओ को ग्रामीण इलाकों में रात्रि चौपाल आयोजित कर लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया है।
पुलिस विशेष रूप से ग्रामीणों को किसी के बहकावे या मुनाफे के लालच में अपना निजी सिम कार्ड, बैंक खाता, एटीएम या बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को उपलब्ध नहीं कराने की सलाह दे रही है।
जागरूकता कार्यक्रमों में ऐसे मामलों में होने वाले संभावित कानूनी और आर्थिक नुकसान के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जा रही है।

प्रचार वाहनों और सिनेमाघरों में भी साइबर सुरक्षा का संदेश
साइबर सुरक्षा अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए धनबाद में दो प्रचार वाहनों के माध्यम से अलग-अलग इलाकों में वीडियो संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इन संदेशों के जरिए लोगों को साइबर अपराध के खतरे और उससे बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स समेत जिले के अन्य सिनेमाघरों के बड़े पर्दों पर भी साइबर सुरक्षा से जुड़े जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को सतर्क एवं सुरक्षित बनाना है। पुलिस के अनुसार, व्यापक जागरूकता के जरिए साइबर ठगी की घटनाओं पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


