धनबाद: मानसून के मद्देनजर धनबाद नगर निगम ने जल जमाव और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी अंचलों की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बारिश के दौरान जल निकासी, सफाई और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जल जमाव से निपटने के लिए संसाधन किए गए उपलब्ध
बैठक में बताया गया कि नगर निगम के सभी पांचों अंचलों को मानसून से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। इनमें होंडा पंपिंग सेट, दोपहिया वाहन पर माउंटेड फॉगिंग मशीन, चुना, ब्लीचिंग पाउडर, कुदाल, फावड़ा और अन्य सफाई उपकरण शामिल हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इन संसाधनों का प्रभावी और समयबद्ध उपयोग किया जाए।
बारिश के दौरान तुरंत होगी जल निकासी की व्यवस्था
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी क्षेत्र में जल जमाव की सूचना मिलते ही होंडा पंपिंग सेट के माध्यम से तत्काल पानी निकाला जाए। साथ ही सभी अंचलों में नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था की निगरानी और सफाई कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए।

फॉगिंग और ब्लीचिंग अभियान पर रहेगा विशेष जोर
मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग और ब्लीचिंग अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। नगर निगम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग कर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें।
नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
नगर आयुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नगर निगम बेहतर स्वच्छता और निर्बाध जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

