धनबाद। निरसा-जामताड़ा रोड पर खुशरी और पांड़रा मोड़ के बीच हाइवा की टक्कर से दो बाइक सवार छात्रों के घायल होने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने मैथन पावर लिमिटेड (MPL) क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले 31 भारी वाहनों पर कुल ₹2.8 लाख का जुर्माना लगाया।
उपायुक्त के निर्देश पर चला सघन जांच अभियान
दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी अपनी टीम के साथ MPL क्षेत्र पहुंचे। यहां परिवहन कार्य में लगे हाइवा और अन्य भारी वाहनों का औचक निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान वाहनों के परिचालन, गति, आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।
31 वाहनों पर कार्रवाई, लगाया गया जुर्माना
निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 31 वाहनों की पहचान की गई। परिवहन विभाग ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी, दस्तावेज संबंधी कमियों और अन्य नियमों के उल्लंघन के मामलों में इन वाहनों पर कुल 2.8 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया।
सुरक्षा से समझौता नहीं होगा: परिवहन पदाधिकारी
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी ने कहा कि सड़क पर आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने उद्योगों और ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिया कि सभी चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों के अनुरूप वाहन चलाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

